जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदिनी एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। मंगलवार सुबह परिजनों को उसके घर पर नहीं होने की जानकारी मिली। इसी दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव दिखाई दिया है।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।








