दुर्ग / दुर्ग पुलिस ने एक बड़े सायबर ठगी संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। छावनी थाना पुलिस ने 23 लोगों को चिन्हित किया है, जो कथित तौर पर साइबर ठगों को अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराकर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन में मदद कर रहे थे। पुलिस ने 15 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि 8 लोगों को पूछताछ के बाद बीएनएसएस की धारा 35(1) के तहत नोटिस देकर छोड़ा गया है।
थाना छावनी में दर्ज अपराध की विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन, तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन लेकर अपने बैंक खाते साइबर एवं आर्थिक अपराधियों को उपलब्ध करा रहे थे। 29 जून को पुलिस ने एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 23 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में कई आरोपियों ने कमीशन के बदले खाते उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है।








