अपहरण कर लूटपाट की वारदात का खुलासा, 02 आरोपी एवं 04 अपचारी बालक गिरफ्तार, लूटा गया सामान बरामद

[adsforwp id="60"]

प्रार्थी निवासी शिक्षक कॉलोनी, डौंडी, जिला बालोद द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02.07.2026 की रात्रि वह अपने रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। प्रातः लगभग 04:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास स्कूटी खराब होने पर कुछ युवकों से सहायता मांगी। बातचीत के दौरान आरोपियों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताते हुए अपने अन्य साथियों को बुलाया तथा प्रार्थी एवं उसके साथी का जबरन अपहरण कर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर मारपीट की।

आरोपियों द्वारा प्रार्थी से चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नगदी, पर्स, आवश्यक दस्तावेज एवं इलेक्ट्रिकल कार्य का सामान छीन लिया गया। इसके अतिरिक्त प्रार्थी को धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से ₹18,180 की राशि भी जबरन ट्रांसफर कराई गई। बाद में पुलगांव क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर धमकी दी गई तथा जबरन वीडियो बनवाकर शिकायत नहीं करने के लिए भयभीत किया गया।

प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रार्थी से पहचान कराकर 02 आरोपियों एवं 04 अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण के 02 अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रकरण में लूटा गया मशरूका एवं घटना से संबंधित अन्य सामग्री वैधानिक प्रक्रिया के तहत बरामद की गई।

सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक अम्बर भारद्वाज, सउनि अमर दास गंगेले, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं आरक्षक प्रदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]