जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन: 15 दिनों में कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

[adsforwp id="60"]

​पाटन/ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (दुर्ग ग्रामीण) ने पाटन क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) को एक ज्ञापन सौंपा है। पार्टी के जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में प्रशासन को 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करने की समय-सीमा दी गई है।
​ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों को उठाया गया है जिसमे
​बाहरी व्यक्तियों की जाँच और सत्यापन: पाटन नगर में पिछले 5 वर्षों में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। पार्टी का आरोप है कि गुपचुप और बादाम शेक जैसे व्यापार करने वाले इन बाहरी लोगों की थाने में कोई ‘मुसाफिरी’ दर्ज नहीं है, जो सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।
​नो-एंट्री में भारी वाहनों का प्रवेश: आत्मानंद चौक से महामाया मंदिर चौक होते हुए सुआ चौक तक ‘नो-एंट्री’ होने के बावजूद भारी मालवाहक वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। इससे आम जनता की जान को खतरा बना रहता है।
​छत्तीसगढ़ महतारी मूर्ति की दुर्दशा: एसडीएम कार्यालय के सामने स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय है। वहां साफ-सफाई का अभाव है, मूर्ति में टूट-फूट हो चुकी है और फव्वारा भी बंद पड़ा है। साथ ही, परिसर में लगे अवैध पोस्टर-बैनर हटाने की मांग की गई है।
​तरीघाट विश्राम गृह में स्टाफ की कमी: PWD द्वारा नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण तो हो चुका है, लेकिन वहां अब तक किसी स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई है, जिससे आपातकालीन स्थिति में वहां ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है।
​अवैध रेत उत्खनन: ग्राम खुड़मुड़ी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी का आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों की मिलीभगत के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित 15 दिनों के भीतर इन समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे जिला स्तरीय उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]
[adsforwp id="47"]