दुर्ग, 12 मई 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग, दुर्ग द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शिविर 11 मई से प्रारंभ हो चुका है और 31 मई 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क है, जिसमें सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले सकते हैं। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे तक और शाम 5.30 बजे से 7.30 बजे के बीच निर्धारित किया गया है, जिसमें मौसम और गर्मी की स्थिति को देखते हुए प्रशिक्षकों द्वारा समय में बदलाव की सुविधा भी दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न खेल मैदानों पर अलग-अलग खेलों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। शिविर के दौरान हॉकी का प्रशिक्षण समृद्धि बाजार के पास दुर्ग में दिया जाएगा। खो-खो के लिए नेशनल स्कूल मैदान दुर्ग, शा.उ.मा. शाला पुरई और शा.उ.मा. शाला धौराभाठा को केंद्र बनाया गया है। फुटबॉल के लिए रविशंकर स्टेडियम, साइंस कॉलेज मैदान, सुराना कॉलेज मैदान और हाउसिंग बोर्ड भिलाई में प्रशिक्षण शिविर आयोजित हैं। इसी प्रकार कबड्डी का प्रशिक्षण शा.उ.मा. शाला मर्रा (पाटन) और बैगापारा स्टेडियम में दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त एथलेटिक्स के लिए खेल मैदान खम्हरिया, नेटबॉल के लिए एन.सी.आर.टी स्कूल सेक्टर 06, ताईक्वांडो के लिए जे.पी. नगर कैंप-2 भिलाई और कुड़ो खेल के लिए प्राथ. शाला कसारीडीह में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। प्रशिक्षण हेतु विभाग द्वारा निःशुल्क खेल सामग्री भी प्रदान की जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी संबंधित मैदान पर उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए खिलाड़ी को एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा तथा इसमें पालक की सहमति आवश्यक होगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बच्चों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।




