पाटन / स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (डी.आर.एस. सेजेस), पाटन में सोमवार को वरिष्ठ व्याख्याता जीवन लाल ठाकुर के सम्मान में एक गरिमामयी एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ठाकुर ने विभाग में अपनी लंबी और निष्कलंक सेवा के पश्चात 30 मार्च 2026 को सेवानिवृत्ति प्राप्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर ठाकुर के दीर्घकालीन शैक्षणिक सफर को याद किया गया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 01 दिसंबर 1984 को विकासखंड धमधा के शासकीय प्राथमिक शाला हरदी में उप शिक्षक के पद से की थी।
विगत 18 वर्षों (01.10.2008) से वे शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (वर्तमान में सेजेस) पाटन में व्याख्याता के रूप में पदस्थ रहे। अपने पूरे सेवाकाल में उन्होंने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, जो आज के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल है।
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से
योगेश निक्की भाले (अध्यक्ष, नगर पंचायत पाटन)
श्रीमती निशा सोनी (उपाध्यक्ष, नगर पंचायत पाटन)
मिलन देवांगन (अध्यक्ष, SMDC)
केवल देवांगन (सभापति, नगर पंचायत)
साथ ही पार्षदगण देवेंद्र ठाकुर, आदित्य सावनी, सागर सोनी एवं अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्टान्सी जानसन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ सदस्यों ने ठाकुर जी के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति उनके स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन की सराहना की। अतिथियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न, शाल-श्रीफल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
”शिक्षण केवल एक पेशा नहीं, बल्कि भविष्य गढ़ने की तपस्या है। ठाकुर ने इस तपस्या को बखूबी निभाया है।”
— प्राचार्य एवं अतिथिगण
अपने विदाई उद्बोधन में जीवन लाल ठाकुर भावुक हो गए। उन्होंने विद्यालय परिवार, सहयोगियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाटन के इस विद्यालय से उनका गहरा लगाव रहा है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपनी विदाई ली।







