पाटन | तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में ग्राम भरर में आयोजित दो दिवसीय भव्य कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह का गरिमामय समापन हुआ। श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के इस संगम में साहू समाज ने अपनी एकजुटता और आदर्शों की मिसाल पेश की।
1010 दीपों से महक उठा समूचा वातावरण…….
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्त माता कर्मा की भव्य महाआरती के साथ हुआ। 1010 दीपों की रोशनी से सजे आयोजन स्थल ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस महाआरती के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम के दौरान समाज के दिग्गज नेताओं और पदाधिकारियों ने सामाजिक सुधार पर विशेष जोर दिया:…..
भूपेश बघेल (पूर्व मुख्यमंत्री) ने सामूहिक आदर्श विवाह को समय की मांग बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है और सामाजिक समरसता बढ़ती है। उन्होंने समाज में पनप रही नई विकृतियों के प्रति सचेत रहने की अपील की और ग्राम पंचायत की मांग पर पुल निर्माण की स्वीकृति देने का आश्वासन भी दिया।
ताम्रध्वज साहू (पूर्व गृहमंत्री)ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सीख देते हुए उन्होंने ‘प्री-वेडिंग शूट’ जैसे नए चलन को सामाजिक विकृति बताते हुए कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य दिखावे को कम कर समाज की बुराइयों को दूर करना होना चाहिए।
राजेश साहू (प्रदेश महासचिव) ने बढ़ते अंतरजातीय प्रकरणों पर चिंता व्यक्त की। उनका स्पष्ट संदेश था कि “उच्च शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सभ्यता का संरक्षण भी अनिवार्य है।
नंदलाल साहू (जिला अध्यक्ष, दुर्ग)ने पदाधिकारियों को कहा कि समाज की मजबूती उसकी संख्या से नहीं, बल्कि वैचारिक गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन से होती है।
लालेश्वर साहू (तहसील अध्यक्ष पाटन) ने कहा की यह दो दिवसीय महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र रहा, बल्कि इसने सामाजिक सुधार और एकजुटता का एक बड़ा संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफल आयोजन की सराहना की।







