जामगांव आर/ तहसील साहू संघ पाटन के तत्वाधान में आयोजित होने वाले 23वें विशाल कर्मा जयंती एवं सामूहिक आदर्श विवाह समारोह की तैयारियाँ अब अपने अंतिम चरण में हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए समूचे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विशेष रूप से इकाई साहू समाज भरर के महिला एवं पुरुष सदस्य एकजुट होकर कार्यक्रम स्थल पर सक्रिय नजर आ रहे हैं।

आयोजन की भव्यता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर श्रमदान और व्यवस्थाओं का सिलसिला शुरू हो चुका है। आज इकाई साहू समाज भरर के सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर विशेष मोर्चा संभाला। इस दौरान:विशाल पंडाल की साफ-सफाई की गई।
सामूहिक आदर्श विवाह हेतु पारंपरिक मंडप निर्माण का कार्य शुरू हुआ।
बैठक व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया।
99 इकाइयों का अनूठा संगम,उल्लेखनीय है कि तहसील साहू संघ पाटन द्वारा परिक्षेत्र एवं स्थानीय इकाइयों के सहयोग से यह आयोजन पिछले 23 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस वर्ष भी 99 इकाइयों के हजारों सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और ‘आदर्श विवाह’ के माध्यम से फिजूलखर्ची रोकने का एक बड़ा संदेश भी देता है।

25 और 26 अप्रैल को होगा मुख्य आयोजन
तहसील पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपील की है कि 25 एवं 26 अप्रैल को होने वाले मुख्य कार्यक्रमों में भी इसी ऊर्जा और उत्साह को बनाए रखें। क्षेत्र के लोगों में इस दो दिवसीय उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिसमें भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिलेगा।

समाज के हर वर्ग की सहभागिता इस आयोजन की असली ताकत है। भरर इकाई जिस लगन से कार्य कर रही है, वह प्रशंसनीय है।” — लालेश्वर साहू अध्यक्ष तहसील साहू संघ पाटन







