रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक रुपनारायण सिन्हा का निधन हो गया है। बुधवार को राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित उनके निवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। कबीर नगर स्थित मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र नीरज सिन्हा ने नम आंखों से मुखाग्नि (मिट्टी) देकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी।
इस दौरान दिवंगत आत्मा को नमन करने के लिए उनके परिजन, स्वजन, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, संघ के स्वयंसेवक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
दिग्गज नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
रुपनारायण सिन्हा के निवास पर पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित करने वालों में राज्य के कई शीर्ष नेता और जनप्रतिनिधि शामिल रहे, जिनमें मुख्य रूप से
मुख्यमंत्री: विष्णुदेव साय,उपमुख्यमंत्री: विजय शर्मा,मंत्री: केदार कश्यप, पूर्व राज्यपाल: रमेश बैस,सांसद: भोजराज नाग
विधायक: धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, ललित चंद्राकर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष: किरण देव सिंह
अन्य वरिष्ठ नेता: बिसराराम यादव, रंजन पटेल, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, रामप्रताप सिंह उपस्थित रहे.
उपस्थित नेताओं और समाजसेवियों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए समर्पित कर दिया। संघ प्रचारक के रूप में छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित कई दुर्गम क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने सामाजिक जागरण और संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं, योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने योग को गांव-गांव तक पहुंचाने का ऐतिहासिक अभियान चलाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शोक संदेश
”रुपनारायण सिन्हा जी का निधन छत्तीसगढ़ और राष्ट्रवादी विचार परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन, समाजसेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को समर्पित कर दिया। योग और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा।”
— विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री (छत्तीसगढ़)






