रायपुर/ छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का प्रकोप अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में अगले 5 दिनों तक तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस बीच, सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि दोपहर के वक्त सूर्य की पराबैंगनी किरणें (UV Rays) खतरनाक स्तर तक पहुँच रही हैं, जिसे लेकर डॉक्टरों और मौसम वैज्ञानिकों ने सख्त हिदायत जारी की है।
सुबह 11 से 12 बजे तक ‘रेड ज़ोन’: घर से बाहर निकलने से बचें
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच प्रदेश में UV रेज की तीव्रता ‘एक्सट्रीम लेवल’ (सूचकांक 11 के करीब) पर रहेगी। इस एक घंटे के दौरान सीधे धूप के संपर्क में आना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
डर्मेटोलॉजी विभाग के HOD डॉ. मृत्युंजय सिंह ने सचेत किया है कि UV रेज के एक्सट्रीम लेवल पर होने से महज कुछ ही मिनटों में सनबर्न, आँखों में तेज जलन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक (लू लगना) जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर 12 बजे के बाद पूरी सावधानी के साथ बाहर निकलें।
रायपुर का माना इलाका सबसे गर्म, 3 डिग्री तक और बढ़ेगा पारा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं देखी गई है। राजधानी रायपुर का माना इलाका 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं, अंबिकापुर 25.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है, लेकिन इससे गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। अगले दो दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे गर्म हवाओं (लू) का थपेड़ा और तेज होगा।
बचाव के लिए क्या करें?
सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच धूप में निकलने से पूरी तरह परहेज करें।
यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो फुल आस्तीन के कपड़े पहनें, चेहरा ढकें और सनग्लासेस (चश्मा) का उपयोग करें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें, लगातार पानी, ओआरएस (ORS) या नींबू पानी पीते रहें।







