पाटन। संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज की जयंती एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम, जनपद पंचायत के सामने पाटन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल, अध्यक्षता विधायक रिंकेश सेन ने की। विशिष्ट अतिथियों में योगेश निक्की भाले (अध्यक्ष नगर पंचायत), कल्पना नारद साहू (जिला पंचायत सदस्य), नेहा बाबा वर्मा, लक्ष्मी नारायण सेन, संतोष सेन, निशा सोनी, चंद्रहास देवांगन, भीखम सेन, भुवनलाल कौशिक, नरेश श्रीवास (पार्षद), सुरुचि उभरे एवं किलेश्वरी उमरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर कल्पना नारद साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत शिरोमणि श्री सेन जी भगवान विष्णु के परम उपासक थे, जिन्होंने अपने भक्ति भाव से सेन समाज का मान-सम्मान बढ़ाया। योगेश निक्की भाले ने समाज को जयंती की बधाई देते हुए कहा कि सेन समाज हर वर्ग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्य अतिथि विजय बघेल ने कहा कि यह दिन अत्यंत पवित्र है। सेन समाज सेवा, समर्पण और पवित्रता का प्रतीक है। जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न संस्कारों तक सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और सभी वर्गों की सहभागिता से ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि नारी सशक्तिकरण एवं आरक्षण के विषय में 16 अप्रैल को दिल्ली में महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें भाग लेने वे जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।








