विमल थापा भिलाई—
जामुल। नगर पालिका परिषद जामुल में व्याप्त मूलभूत समस्याओं और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार, 10 अप्रैल को ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व और जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर की विशेष मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने नगर पालिका परिषद का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर गहरी नाराजगी जताई। आंदोलन के मुख्य बिंदु निम्नलिखित थे:
पेयजल एवं स्वच्छता: पीने के पानी की किल्लत और नालियों की सफाई न होने से जलभराव की समस्या।
मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और बीमारियों का डर।
आवास एवं पेंशन: प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना की किस्तों में देरी और पेंशन योजनाओं में कथित अनियमितता।
जर्जर सड़कें: डेरहा लकड़ी टाल से नहर पुल तक की खस्ताहाल सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग।
घेराव और उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। धरना-प्रदर्शन के बाद पालिका सीएमओ को ज्ञापन सौंपा गया, जिसके तुरंत बाद प्रशासन ने कई मांगों पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी:
नगर की नालियों में दवा का छिड़काव और मच्छरों से राहत के लिए फागिंग मशीन शुरू कर दी गई है।
जल आपूर्ति: पेयजल संकट को दूर करने के लिए झेझरी-पथरिया क्षेत्र में नया मोटर पंप स्थापित कर आपूर्ति बहाल की गई है।
”यह जनता के संघर्ष और एकजुटता की प्रारंभिक जीत है। जब तक हर समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो जाता, कांग्रेस जनहित की लड़ाई लड़ती रहेगी।”— ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, जामुल
इस ‘हल्लाबोल’ आंदोलन में करीम खान, मन्नु यादव, जिला महामंत्री दुर्गा गजबे, मंडल प्रभारी लोमन यादव, पालेश्वर ठाकुर, अभिषेक जांगड़े, श्यामाचरण मनहरण, सुनिता चेन्नेवार, सरोजिनी चंद्राकर, शामिहा करीम खान, ओंमकार निर्मलकर, विकास यादव, द्रौपदी साहू, सीता ठाकुर, रामप्यारी वर्मा, प्रवीण देवांगन, हेमंतु साहू, सुरेश साहू, जीवराखन वर्मा, लेखु साहू, अश्विनी साहू, सोनू वर्मन, शोभन ठाकुर, सुमित नारंग, गोपी वर्मा, किसुन साहू, कृष्ण कुमार निषाद और करण राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व आम नागरिक उपस्थित रहे।









