राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडल सांकरा, खण्ड पिथौरा में शस्त्र पूजन एवं भव्य पथ संचलन का हुआ आयोजन

[adsforwp id="60"]

कमलेश डडसेना—–

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडल सांकरा, खण्ड पिथौरा में शस्त्र पूजन एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सांकरा मंडल के विभिन्न ग्रामों से आए सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह क्षण केवल संघ के लिए ही नहीं, अपितु पूरे नगर एवं समाज के लिए भी गर्व का विषय बना। स्वयंसेवकों के घोष की ताल पर कदम से कदम मिलाते हुए नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।

पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। मार्ग में जगह-जगह महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वयंसेवकों की अनुशासित चाल, एक समान गणवेश ने नगरवासियों को प्रभावित किया।

संचलन के उपरांत आयोजित सभा में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश साव (पत्रकार एवं साहू समाज परिक्षेत्र सचिव), मुख्य वक्ता के रूप में गुलाब ठाकुर (जिला महाविद्यालयीन कार्य प्रमुख) तथा बोधीराम चौधरी (खण्ड संघ चालक) मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथि राजेश साव ने कहा कि “संघ का शताब्दी वर्ष राष्ट्र निर्माण में संघ के सतत कार्य, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि संघ की प्रेरणा से समाज में एकता, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना निरंतर सशक्त हो रही है।

मुख्य वक्ता गुलाब ठाकुर ने अपने उद्बोधन में ‘संघ पंच परिवर्तन’ तथा संघ के समृद्ध इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष में सात विशेष कार्यों को लेकर समाज में व्यापक जनजागरण का अभियान चला रहा है ।

उन्होंने बताया कि संघ भारत में सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक सद्भाव के लिए निरंतर कार्यरत है। संघ के विभिन्न प्रेरणादायी संगठन — विद्या भारती, सेवा भारती, ग्राम भारती, क्रीड़ा भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी एवं राष्ट्रीय सेविका समिति जैसे संगठनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक के 100 वर्षों में संघ ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने और समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शताब्दी वर्ष का यह उत्सव संघ की इसी गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है।

इस कार्यक्रम में राजिम विभाग से नंद कुमार साहू, जिला के विवेक दीक्षित एवं पिथौरा खण्ड की कार्यकारिणी उपस्थित रही, जिनमें टिकेंद्र साहू, कृष्ण कुमार शर्मा, चंद्रशेखर नायडू, प्रकाश चंद्र वर्मा शामिल थे एवं सहभागी मंडल मेमरा, सलडीह, परसवानी, भगतदेवरी के स्वयंसेवक एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

यह जानकारी पिथौरा खण्ड कार्यवाह प्रेमसागर साहू, हितेश प्रधान एवं सांकरा मंडल कार्यवाह कमलेश डडसेना द्वारा दी गई।

Leave a Comment

चर्चित तमनार हिंसा मामले में पुलिस को बड़ी सफलता,आंदोलन के दौरान भीड़ को उकसाने, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला करवाने जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

[adsforwp id="47"]