रायगढ़, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने मानवता की मिशाल पेश की है. कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ों और जंगलों के बीच ग्राम पारेमेर घुटरूपारा बसा है. बरसात के दिनों में गांव की ओर चार पहिया वाहन का पहुंचना मुश्किल है. ऐसे में घुटरूपारा में एक महिला को प्रसव पीड़ा उठना परिवार के लिए मुसीबत बन गया. परिवार ने डायल 112 को मदद के लिए संपर्क किया. सूचना पर वाहन से टीम मदद के लिए रवाना हुई लेकिन गाड़ी के लिए रास्ता नहीं होने से आरक्षक पैदल ही पीड़िता के घर पहुंचे और बिना देरी किये कावड़ में बैठकर गर्भवती महिला को पहाड़ी और नाला पार करते हुए 3 किलोमीटर का सफर तय कर वाहन तक लाए. जिसके बाद महिला को वाहन से अस्पताल ले जाया जा रहा तभी बीच रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ गई और रास्ते में ही सूझबूझ के साथ मितानिनों की मदद से महिला का प्रसव कराया गया.



