भक्तिभाव के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, दुर्गा मंदिर पाटन मे उमड़ी भक्तो की भीड़

[adsforwp id="60"]

पाटन। नगर के हृदय स्थल स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। विद्वान पंडित के सानिध्य में भगवान हनुमान का विधि-विधान से अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया। मारुति नंदन को सिंदूर अर्पण कर चोला चढ़ाया गया और हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया गया। मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से गूंज उठा।

पूजन और आरती के पश्चात मंदिर समिति द्वारा भंडारे और प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। मंदिर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों को भी प्रसादी वितरित की गई। भक्तों ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।

हनुमान जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई थीं ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो। देर शाम तक मंदिर में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
“पवनपुत्र हनुमान की भक्ति शक्ति और साहस का प्रतीक है। आज पाटन के इस पावन मंदिर में सामूहिक पूजन से क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की गई।” — दुर्गा मंदिर ट्रस्ट समिति

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]