दुर्ग, मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दुर्ग नगर संभाग में युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। कार्यपालन अभियंता श्री रवि कुमार दानी ने बताया कि नगर संभाग दुर्ग के अंतर्गत आने वाले बोरसी, बघेरा, दुर्ग शहर और जवाहर नगर जोन में 13 मार्च 2026 से निरंतर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मोबाइल वैन और माइक के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है, जिसका क्षेत्र में काफी सकारात्मक प्रतिसाद देखने को मिल रहा है।
बिजली विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार संभाग के सभी 84 पात्र बीपीएल उपभोक्ताओं और 07 पात्र कृषि उपभोक्ताओं ने अपना पंजीयन शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। आंकड़ों के अनुसार बीपीएल श्रेणी में 06 उपभोक्ताओं ने 2200 रुपए, कृषि श्रेणी में 05 उपभोक्ताओं ने 20103 रुपए और एपीएल श्रेणी के 180 पात्र उपभोक्ताओं में से 86 के पंजीयन के साथ 24 उपभोक्ताओं ने 24800 रुपए की राशि जमा कर दी है। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और उपभोक्ताओं को योजना में शामिल करने हेतु प्रेरित करने वाले मीटर रीडरों के लिए प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान किया गया है। दुर्ग नगर संभाग ने आगामी 31 मार्च 2026 तक संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी पात्र उपभोक्ताओं को इस योजना के दायरे में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस छूट का लाभ उठा सकें। विभाग ने अपील किया है कि जो उपभोक्ता अब तक इस योजना से नहीं जुड़ पाये हैं, वे तत्काल नजदीकी शिविर या जोन कार्यालय में जाकर या मोर बिजली एप के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं और योजना का लाभ उठाएं।









