विमल थापा भिलाई—
भिलाई। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई एक बार फिर विश्व पटल पर अपनी सांस्कृतिक छटा बिखेरने के लिए तैयार है। आगामी 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित होने वाली भगवान भोलेनाथ की बारात इस बार न केवल भव्य होगी, बल्कि ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में भी अपना नाम दर्ज कराएगी।
बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह इस भव्य आयोजन का 18वां वर्ष है, जिसे सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और हज़ारों वालेंटियर्स पिछले दो महीनों से दिन-रात जुटे हुए हैं।
इस वर्ष की बारात में विभिन्न राज्यों की अनूठी संस्कृतियों का संगम देखने को मिलेगा 40 सदस्यों की टीम द्वारा शिव तांडव, मां काली का नृत्य, गरुड़ और मोर नृत्य की 07 भव्य झांकियां।
पगला बाबा आर्ट ग्रुप द्वारा भस्म आरती और 15 फीट की कंकाल खोपड़ी से निकलते शिव-पार्वती की जीवंत झांकी।
हैदराबाद और विजयवाड़ा से महाकाली के 09 रूप और 15 फीट ऊंची अघोरा झांकियां।
अयोध्या की तर्ज पर राम दरबार और लक्ष्मण मूर्छा के दृश्यों का सजीव चित्रण।
शहडोल से हनुमान जी, नरसिम्हा और बच्चों के लिए मोटू-पतलू व मिकी माउस जैसी आकर्षक झांकियां।
संबलपुर का प्रसिद्ध ‘धमालपुरी’ लोक संगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज।
दुर्ग के कलाकारों द्वारा समुद्र मंथन, घटोत्कच वध, 30 फीट के उड़ते हुए हनुमान जी और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारतीय सेना का शौर्य प्रदर्शन।
आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित केंद्रीय मंत्रियों और प्रदेश के दिग्गज राजनेताओं को आमंत्रित किया गया है। समिति ने अब तक 31,000 निमंत्रण कार्ड बांटे हैं और आयोजन में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बारात दोपहर 2:00 बजे हथखोज (इंदिरा नगर) वार्ड नं. 01 से पूजा-अर्चना के बाद प्रस्थान करेगी।
रूट: ट्रांसपोर्ट नगर ➔ केनाल रोड ➔ कार्तिकेय चौक ➔ बोलबम चौक ➔ नंदी तिराहा ➔ जोन-1 शिव मंदिर ➔ जोन-2 श्रीराम चौक।
समापन खुर्सीपार स्थित दुर्गा मैदान में भव्य विवाह समारोह के साथ बारात संपन्न होगी।
बारात की व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं:
महिला समिति, मंजू मिश्रा और पुष्पा राव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं कार्ड वितरण और स्वागत की कमान संभाल रही हैं।
प्रबंधन: कोर ग्रुप में सुनील गोयल, मुकेश शर्मा और अन्य सदस्य सुरक्षा, भंडारा, आतिशबाजी और संगीत संध्या की जिम्मेदारी देख रहे हैं।
भंडारा: श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी मान सिंह और उनकी टीम को सौंपी गई है।
”भिलाई की यह बारात अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बन चुकी है। इस बार हम एशिया रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।”
— दया सिंह, अध्यक्ष, बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति







