राकेश जसपाल की रिपोर्ट—–
अहिवारा नगर पालिका के छाया महापौर रामपाल नाविक ने केंद्र सरकार के बजट को पूरी तरह दिशाहीन बताते हुए कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता। बजट में इन वर्गों के लिए कोई ठोस और राहत देने वाला प्रावधान नहीं किया गया है।
रामपाल नाविक ने कहा कि देश कृषि प्रधान होने के बावजूद भाजपा सरकार द्वारा किसानों की आमदनी दोगुनी करने का जो वादा किया गया था, वह इस बजट में भी खोखला साबित हुआ है। किसानों के हित में कोई प्रभावी योजना या आर्थिक संबल नजर नहीं आता।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ के लिए भी कुछ खास नहीं रखा गया है। खनिज संपदा और बिजली उत्पादन के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला छत्तीसगढ़ इस बजट में पूरी तरह गायब है। न तो उद्योगों के विकास के लिए कोई विशेष योजना है, न सिंचाई परियोजनाओं के लिए और न ही आदिवासी बहुल क्षेत्रों के उत्थान के लिए कोई ठोस प्रावधान किया गया है।
रामपाल नाविक ने इसे राज्य के साथ सौतेला व्यवहार बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश को बहुत कुछ देता है, लेकिन हर बजट में उसे बदले में खाली हाथ लौटाया जाता है। यह प्रदेश के साथ अन्याय है, जिसे अब जनता भली-भांति समझ रही है।







