PWD की लापरवाही पर भड़की ‘जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी’, गुजरा पाटन में जानलेवा गड्ढे को लेकर चक्का जाम की चेतावनी

[adsforwp id="60"]

​गुजरा (पाटन), पाटन क्षेत्र के ग्राम गुजरा में मुख्य मार्ग पर स्थित एक विशाल गड्ढा राहगीरों के लिए ‘मौत का जाल’ बन गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की उदासीनता और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने अब मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।

​20 दिनों से शिकायतों की अनदेखी-

​जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इस गड्ढे के कारण अब तक 15 लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया, “हमने स्वयं 20 दिन पहले PWD कार्यालय जाकर अधिकारियों को इस खतरे से अवगत कराया था, लेकिन विभाग गहरी नींद में सोया है। ऐसा लगता है कि प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।”


​बटरेल की घटना से भी नहीं लिया सबक-

​विज्ञप्ति में पूर्व की घटनाओं का हवाला देते हुए बताया गया कि हाल ही में PWD और ठेकेदार की इसी तरह की लापरवाही के चलते ग्राम बटरेल में एक साहू युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या विभाग गुजरा में भी वैसी ही किसी दुखद घटना की प्रतीक्षा कर रहा है?

​ग्रामीणों ने दिया अल्टीमेटम-

​जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है। यदि मार्ग की मरम्मत तत्काल नहीं की गई, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।

इस दौरान मुख्य रूप से अभिषेक वर्मा, सूरज साहू, दुर्गेश साहू, बंटी वर्मा, भूपेंद्र विश्वकर्मा, हीरामन कौशिक, लोकू साहू और प्रेम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]