भखारा (धमतरी) नगर पंचायत भखारा में शनिवार को मरार (पटेल) समाज द्वारा माँ शाकम्भरी जयंती और छेरछेरा का पावन पर्व बड़े ही उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज ने दान-पुण्य की परंपरा को निभाते हुए अस्पताल में मरीजों की सेवा की और नगर में शोभायात्रा निकालकर खुशियां बांटी।
मरीजों को फल और राहगीरों को सब्जी वितरण
जयंती के पावन अवसर पर मरार पटेल समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं ने स्थानीय अस्पताल पहुंचकर वहां उपचाराधीन मरीजों का हाल-चाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इसके पश्चात, छेरछेरा के दान-पुण्य महोत्सव को सार्थक करते हुए अटल चौक पर समाज द्वारा निशुल्क सब्जी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
भव्य शोभायात्रा और झांकियों का प्रदर्शन
दोपहर को डुमराही तालाब से मां शाकम्भरी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और पारंपरिक नृत्य के साथ निकली इस शोभायात्रा में समाज के लोग झूमते-गाते नजर आए। आकर्षक झांकियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए अटल चौक पहुंची, जहां माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
समाजिक मिलन और सम्मान समारोह
शाम को शाकम्भरी भवन में प्रसादी वितरण के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पंचायत भखारा के समाज प्रमुखों सहित जनप्रतिनिधियों और सामाजिक पदाधिकारियों ने शिरकत की। मरार समाज के स्वजातीय बंधुओं द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत व सत्कार किया गया।
प्रगतिशील पहचान बना रहा है मरार समाज
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मरार समाज एक मेहनती और प्रगतिशील समाज है। अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से इस समाज ने क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है। शाकम्भरी जयंती जैसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि समाज की एकता और सेवा भावना को भी प्रदर्शित करते हैं।






