Md.yousf.
दुर्ग // छत्तीसगढ़ के पुलगांव थाना अंतर्गत गनियारी गांव में हुई दादी-पोती की डबल हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना 6 और 7 मार्च 2024 की रात की है, जब गनियारी निवासी रजवती बाई और उनकी पोती सविता साहू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। यह मामला लंबे समय तक रहस्य बना हुआ था और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गांव में री-क्रिएशन किया, जिससे पूरे घटना क्रम को समझाया गया और ग्रामीणों को घटना के बारे में सटीक जानकारी दी गई। खुलासा पुलिस शाम पांच बजे करेगी। जांच में सामने आया है कि हत्या करने वाला युवक पीड़ित लड़की का परिचित और गांव का ही निवासी था। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस मामले में आईजी रामगोपाल गर्ग ने पहले ही ₹25,000 का इनाम घोषित किया था, ताकि अपराधी को पकड़ने में पुलिस को तेजी मिले। लगभग 18 महीने की जाँच और मेहनत के बाद पुलिस की यह सफलता ग्रामीणों और प्रशासन दोनों के लिए राहत का कारण बनी है।
दादी-पोती की डबल मर्डर केस
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा भविष्य में इस तरह के अपराधों पर लगाम लगाने में मदद करेगा। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। इस केस ने पूरे जिले में सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाई है।
घटना के बाद से ही परिवार और गांव वाले सदमे में थे। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। पुलिस आगे की जांच जारी रखते हुए हत्या के सभी पहलुओं को उजागर करने का दावा कर रही है।






