राजनांदगांव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मां ने अपने ही दिव्यांग बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया युवक इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हार गया।
पूरा मामला अटल आवास कॉलोनी, पेण्ड्री का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक विरेन्द्र साहू अपने परिवार के साथ यहां रहता था। वह शराबखोरी और गाली-गलौज की आदत से घरवालों को लंबे समय से परेशान कर रहा था। इसी तनाव ने आखिरकार मां सुहागा बाई को खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिय. जब घर में विवाद हुआ, उसी दौरान बहू हिना साहू बच्चों को स्कूल छोड़ने बाहर गई थी। तभी मौके का फायदा उठाकर सुहागा बाई ने बेटे विरेन्द्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
पड़ोसियों के शोर मचाने पर पत्नी हिना घर लौटी और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से विरेन्द्र को शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
लालबाग थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी मां की तलाश शुरू की। आखिरकार गांधी चौक इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सुहागा बाई ने स्वीकार किया कि वह बेटे की शराब और गाली-गलौज की आदत से वर्षों से परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी मां को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई







