बालोद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर बालोद भाजपा जिलाध्यक्ष पवन साहू ने सदस्यता महाभियान के तहत लोगों को भाजपा से जोड़ा। इस दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संगठन पर्व के तहत ग्रामीण जनों को भाजपा का सदस्य बनाया। आयोजन में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे। भाजपाई अलग-अलग बूथों पर आम लोगों को सदस्यता दिलाने पहुंचे। बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने बालोद शहर मंडल के बूथ संख्या 32 में भ्रमण के दौरान वार्डवासियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सदस्यता के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त करेंगे कार्यकर्ता:

जिलाध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि पार्टी ने जिला व बूथ के लिए जो लक्ष्य तय किया है, हमारे कार्यकर्ता उसे आसानी से प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि चुनाव जिला, संसदीय-विधानसभा क्षेत्र स्तर पर नहीं लड़ा जाता है, बल्कि चुनाव का कुरुक्षेत्र बूथ होता है। बूथ जीता तो चुनाव जीता। बूथ मजबूत है तो चुनाव पक्ष में है। इसी बुनियादी बात को ध्यान में रखकर भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि सदस्यता महाभियान का लक्ष्य बालोद जिले के सभी 815 बूथों में तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।

ग्रामीण जनों को दिलाई भाजपा की सदस्यता, किया अभिनंदन:
जिलाध्यक्ष ने सदस्यता अभियान के तहत कोहंगाटोला के ग्रामीणों को बीजेपी की सदस्यता दिलाई और उनका अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि, अभियान के पहले चरण में हमारा फोकस मास मेंबरशिप पर रहा, लेकिन अब अगले चरण में हम अलग-अलग वर्गों, समूहों के लोगों को पार्टी से जोड़ रहे हैं।
पंडित दीनदयाल ने भारतीय राजनीति को जो दृष्टि दी, वह आज भी प्रासंगिक:
उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा ने पंडित उपाध्याय की जयंती को अपने सदस्यता महाभियान की तिथि के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जिले की भाजपा टीम बधाई की पात्र है, जिसने हर बूथ पर 100 सदस्य बनाने के बड़े अभियान को अपने हाथ में लिया है। 70 वर्ष पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को जो दृष्टि दी थी, वह आज भी प्रासंगिक बनी है। इसी का परिणाम है कि कोरोना महामारी के दौरान से ही देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन, 12 करोड़ लोगों के घरों में शौचालय, 10 करोड़ घरों में उज्ज्वला योजना का निशुल्क सिलेंडर, 4 करोड़ गरीबों को मकान, 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हुआ है। इसके पहले जिलाध्यक्ष पवन साहू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कोहंगाटोला बूथ संख्या 19 में तैलचित्र पर माल्यार्पण किया।

पं. दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में गांव-गरीब, किसान व महिलाएं:
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में गांव, गरीब, किसान, समाज के दबे-कुचले लोगों व महिलाओं को स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर करने की दृष्टि है और उस तबके लिए सहानुभूति है। हर हाथ को काम, हर खेत को पानी उनका उद्घोष था। वे कहते थे कि आर्थिक प्रगति का पैमाना ऊंचे पायदान पर नहीं, बल्कि सबसे नीचे पायदान पर खड़े व्यक्ति के माध्यम से की जानी चाहिए।







