दुर्ग, 02 अगस्त 2024/ कृषि विज्ञान केन्द्र, पाहंदा (अ), दुर्ग में कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर भिलाई के बच्चों ने प्रक्षेत्र में भ्रमण किया। कृषि विज्ञान केन्द्र में उन्होंने खेती के विभिन्न तरीकों एवं कृषि करने की वैज्ञानिक विधि के बारे में विस्तार से देखा। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. विजय जैन ने कृषि विज्ञान केन्द्र की भूमिका के बारे में बच्चों को जानकारी दी और कहा कि कैस लैब से लैंड तक हम कृषि की नवीनतम तकनीकी को किसानों तक पहुंचाते है। कृषि विज्ञान केन्द्र को वित्तीय पोषण भारत सरकार द्वारा किया जाता है और संचालन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा किया जा रहा है। जिसमें भारत सरकार और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीनतम तकनीक को किसानों तक पहुंचाया जाता है। कृषि विज्ञान केन्द्र की मृदा वैज्ञानिक डॉ. ललिता रामटेके ने कृषि एवं मृदा विज्ञान के बारे में बच्चों को जानकारी दी। 







