बालोद। हेयर कटिंग इंडस्ट्रीज में रुचि रखने वाले अनेक युवा मंगलवार को बालोद में आयोजित ब्यूटी महोत्सव में शामिल हुए। युवाओं ने हेयर कटिंग से लेकर फेशियल तक की बारीकियां जानी। कोलकाता, मुंबई, रायपुर से पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के एक्सपर्ट ने जानकारियां दी।
मंगलवार को जिला मुख्यालय बालोद में निशुल्क सेमीनार का आयोजन किया गया। इसमें हेयर कटिंग से लेकर फेशियल की जानकारी स्पेशलिस्ट द्वारा दी गई।राज ब्लूहैवन एकैडमी रायपुर के सौजन्य से आयोजित इस सेमीनार में मुंबई, कोलकाता और रायपुर से हेयर स्पेशलिस्ट पहुंचें। आयोजन में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
राज ब्लू हेवन अकैडमी रायपुर के संचालक राज श्रीवास ने सर्वप्रथम सभी अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही सभी लोगों को जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए खासकर महिलाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। इस क्षेत्र में महिलाओं में विशेष रुचि को देखते हुए बालोद ब्यूटी महोत्सव के रूप में यह आयोजन किया गया। राज श्रीवास ने बताया कि इसमें हेयर कटिंग से लेकर सैलून और ब्यूटी पार्लर में किए जाने वाले सभी फेशियल, मेकअप आदि की भी जानकारी दी जाएगी। 
बालोद ब्यूटी महोत्सव में बॉलीवुड के मेकअप आर्टिस्ट एन ललित मुंबई से, कोलकाता से हेयर आर्टिस्ट सूजन सरकार, छत्तीसगढ़ हेयर गुरु राज श्रीवास सहित अनेक स्पेशलिस्ट इसमें शामिल हुए। इन्होंने न केवल इस फील्ड की बारीकियां बताई, बल्कि प्रयोग के तौर पर लोगों को दिखाया भी। इनके द्वारा विशेष तौर पर हाइड्रा फेशियल की जानकारी दी गई।







