विद्यार्थी जीवन में कठिन परिश्रम करने से सफलता जरूर मिलती है और आप जो शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं उसी में अपना भविष्य बनाते हैं तो फिर आपको कोई कामयाबी छूने से नहीं रोक सकता है। यह बात सोमवार को जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. ज्योति पटेल ने भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा द्वारा आयोजित 9 वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही। इसके पूर्व उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन करते हुए कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्हांेने इस दौरान हथकरघा संस्थान द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

जिपं सीईओ ने कहा कि हथकरघा बहुत प्राचीन कला है, जिसे हम सभी को मिलकर आगे बढ़ाना है, इसकी संभावनाओं को देखते हुए ही प्रदेश के एकमात्र हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में तीन वर्षीय डिप्लोमा संचालित किया जा रहा है। उन्हांेने कहा कि संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ अपने पुश्तैनी मूल कार्य में भी आगे बढ़ने एवं कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस विषय को आप बचपन से अपने घरों में देखते आ रहे हैं उसी को अपना भविष्य बनाया तो फिर आप सफलता को जरूर छुएंगे। इस दौरान उन्होंने संस्थान द्वारा आयोजित वर्कशॉप का अवलोकन भी किया। उन्हांेने हैंडलूम एवं टेक्सटाइल तकनीकी त्रिवर्षीय पाठयक्रम के विद्यार्थियों, बुनकरों से चर्चा की। इस मौके पर संस्थान के अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रजाति के पौधरोपण करते हुए उनके संरक्षण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लाइब्रेरियन एवं बीडीओ बी.एल. पटेल, जिला हथकरघा अधिकारी योगेश्वर बंजारे, रेशम विभाग सहायक संचालक एच.एल.साहू सहित संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, स्थानीय बुनकर आदि शामिल रहे।

जांजगीर चांपा से दुर्गेश यादव की रिपोर्ट






